Header Ads

test

पूर्व विधायक मेनका सरदार के पति के वाहन का पुलिस ने उतरवाया झंडा, भाजपाइयों ने किया जमकर हंगामा

 पूर्व विधायक मेनका सरदार के पति के वाहन का पुलिस ने उतरवाया झंडा, भाजपाइयों ने किया जमकर हंगामा


जमशेदपुर में पोटका के पूर्व भाजपा विधायक मेनका सरदार के पति विभीषण सरदार की गाड़ी से पार्टी का झंडा हटाने पर विवाद हो गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने टाटानगर स्टेशन रोड पर हंगामा किया और पुलिस पर विपक्षी दलों के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया। आजसू पार्टी ने भी पुलिस की कार्रवाई को मनमानी बताया और विरोध करने की बात कही।

भाजपा की पूर्व विधायक मेनका सरदार। (जागरण)


 पोटका के पूर्व भाजपा विधायक मेनका सरदार के पति विभीषण सरदार की वाहन से पार्टी का झंडा और काली फिल्म हटाने को लेकर टाटानगर स्टेशन रोड स्थित यातायात बूथ के सामने भाजपाइयों ने जमकर हंगामा किया।

जिसके बाद वाहन को छोड़ दिया गया। घटना शनिवार देर शाम की है। विभीषण सरदार अपने पुत्र आशीष सरदार के साथ स्टेशन रोड होते हुए पोटका जा रहे थे।

संकटा सिंह पेट्रोल पंप के पास वाहन को यातायात पुलिस ने रोक लिया। वाहन से पार्टी का झंडा और काली फिल्म हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई।



जिसकी जानकारी पर भाजपा नेता ललन यादव, सुशील सिंह, संजय सिंह समेत पार्टी के कई नेता पहुंचे। पुलिस की कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया।

आरोप लगाया गया कि पुलिस विपक्षी दलों के वाहनों का झंडा जबरन उतरवा रही है। कार्रवाई हो तो सभी पर हो। 15 मिनट तक हो-हंगामा के बाद विभीषण सरदार वाहन लेकर चले गए।

इधर, आजसू पार्टी के जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह ने राजनीतिक दलों का झंडा उतरवाना और जुर्माना वसूली को पुलिस-प्रशासन की मनमानी बताया है। पुलिस जाम हटाने का काम नहीं करती। अवैध पार्किंग के विरुद्ध कार्रवाई नहीं करती। इसका विरोध पार्टी करेगी।

No comments