सुरक्षा परिषद के सदस्यों की हाउती विद्रोहियों से हमला रोकने की अपील, कहा- क्षेत्रीय स्थिरता को खतरे में डालते हैं हमले
सुरक्षा परिषद के सदस्यों की हाउती विद्रोहियों से हमला रोकने की अपील, कहा- क्षेत्रीय स्थिरता को खतरे में डालते हैं हमले
हाउती विद्रोहियों द्वारा वाणिज्यिक जहाजों पर हमले तेज करने को लेकर बढ़ती वैश्विक चिंताओं के बीच भारत ने कहा कि वह लाल सागर में उभरती स्थिति पर करीब से नजर रख रहा है। जायसवाल की टिप्पणी भारतीय नौसेना के यह कहने के एक दिन बाद आई कि उसके जहाज और विमान उत्तर और मध्य अरब सागर में निगरानी बनाए रखने और समुद्री सुरक्षा अभियान चलाने के लिए तैनात हैं।
हाउती विद्रोहियों से हमला रोकने की अपीलसंयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के सदस्यों ने यमन के हाउती विद्रोहियों से लाल सागर और अदन की खाड़ी में जहाजों पर अपने हमले रोकने की अपील की है। कहा कि ये हमले अवैध हैं और क्षेत्रीय स्थिरता, समुद्री आवाजाही की स्वतंत्रता और वैश्विक खाद्य आपूर्ति को खतरे में डालते हैं। 2024 में सुरक्षा परिषद की पहली औपचारिक बैठक को संबोधित करते हुए सदस्यों ने यह भी मांग की कि हाउती विद्रोही 'गैलेक्सी लीडर' और उसके चालक दल के सदस्यों को रिहा कर दें।
गैलेक्सी लीडर एक इजरायली कंपनी से जुड़ा और जापानी व्यक्ति द्वारा संचालित मालवाहक जहाज है, जिसे हाउती विद्रोहियों ने 19 नवंबर को जब्त कर लिया था। कुछ सदस्यों ने सुरक्षा परिषद से हाउती विद्रोहियों द्वारा मिसाइल और ड्रोन हमले रोकने के लिए कार्रवाई करने का आग्रह भी किया। लेकिन सुरक्षा परिषद ने बंद कमरे में परामर्श के लिए जाने से पहले खुले सत्र में कोई औपचारिक कदम नहीं उठाया।
लाल सागर में स्थिति पर भारत की पैनी नजर
हाउती विद्रोहियों द्वारा कई वाणिज्यिक जहाजों पर हमले तेज करने को लेकर बढ़ती वैश्विक चिंताओं के बीच भारत ने गुरुवार को कहा कि वह लाल सागर में उभरती स्थिति पर करीब से नजर रख रहा है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल की टिप्पणी भारतीय नौसेना के यह कहने के एक दिन बाद आई है कि उसके जहाज और विमान उत्तर और मध्य अरब सागर में निगरानी बनाए रखने और समुद्री सुरक्षा अभियान चलाने के लिए तैनात हैं।
जायसवाल ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, हम वाणिज्यिक जहाजों की मुक्त आवाजाही को बहुत अधिक महत्व देते हैं। यह एक बदलती हुई स्थिति है और हम इसके सभी पहलुओं पर गौर कर रहे हैं।
लाल सागर में हाउती की ड्रोन बोट में विस्फोट
रायटर के अनुसार, गुरुवार को लाल सागर में विस्फोटकों से लदी एक हाउती ड्रोन बोट में विस्फोट हो गया। लेकिन वह किसी भी अमेरिकी नौसैनिक या वाणिज्यिक जहाजों के इतनी करीब नहीं थी कि कोई नुकसान या हताहत होता। अमेरिकी नौसेना के वाइस एडमिरल ब्रैड कूपर ने इसकी जानकारी देते हुए इसे एक असफल हमला करार दिया।
Post a Comment